पांगी (चंबा)। भारत और पाकिस्तान के बीच उत्पन्न वर्तमान तनावपूर्ण स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवासीय आयुक्त पांगी ने पंचायत प्रतिनिधियों को लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक एहतियाती एडवाइजरी जारी की है। आवासीय आयुक्त रमन घरसंगी ने सभी पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों, पंचायत सदस्यों और पंचायत सचिवों को अपनी-अपनी पंचायतों में लोगों को अपने स्तर पर सतर्क रहने के निर्देश जारी करने निर्देश जारी किए हैं। घर की लाइट को रात के समय बंद करके सोएं। सोलर लाइट्स के कनेक्शन को फिलहाल काट कर रखें या उसके ऊपर काला कपड़ा डालकर उनको ढक दें जिससे पंचायत में पूर्णतया ब्लैकआउट हो सके। ब्लैकआउट के समय शांत रहें, घरबराए नहीं, सभी बत्तियां बुझा दें। घर-दुकान की लाइटें, इनवर्टर आदि बंद रखें। एयर रेड सायरन बजने पर तुरंत शांतिपूर्वक सुरक्षित स्थान पर शरण लें। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल प्रशासन की ओर से दिए गए निर्देशों का पालन करने और मोबाइल या रेडियो पर सरकारी अलर्ट सुनने की बात कही है। इसके अलावा क्षेत्र में किसी भी बाहरी व्यक्ति के दिखने या आने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने के फरमान जारी किए हैं।