चंबा। जिले के समस्त खंडों में बेहतरीन कार्य करने वाले विद्यालयों में होने वाली गतिविधियों की जानकारी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चंबा ने मांगी है। सभी स्कूलों को यह डॉक्यूमेंट्री जल्द जमा करवानी होगी। इसके बारे में जिला परियोजना अधिकारी एवं प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुमन मिन्हास ने शनिवार को आयोजित मासिक समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिए। बैठक में समस्त समन्वयकों ने अपने-अपने विषय से संबंधित जानकारी साझा की। जिला परियोजना अधिकारी ने सभी खंड परियोजना अधिकारी और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों से समग्र शिक्षा की गतिविधियों को गति देने का आग्रह किया।
डाइट कोऑर्डिनेटर अभिमन्यु ठाकुर ने बताया कि वीर गाथा कार्यक्रम के तहत सभी खंडों के अध्यापक अपने-अपने परिवेश में महान गैलेंट्री अवॉर्ड प्राप्त करने वाले महापुरुषों के जीवन परिचय से संबंधित लेख कविता प्रतियोगिताएं करवाएंगे। इस संबंध में सभी स्कूल मुखियाओं को ईमेल के माध्यम से सूचना दे दी गई है। सुमन मिन्हास ने बताया कि सरकार के आदेशों के बाद बीआरसीसी ने विभिन्न विद्यालयों में अपनी ज्वाइनिंग दे दी है। अब उनके स्थान पर संबंधित खंड जिला परियोजना अधिकारी अपर प्राइमरी और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी प्राइमरी का कार्य संभालेंगे। उन्होंने बताया कि चंबा के 19 विद्यालयों में विज्ञान प्रयोगशालाएं शुरू की जाएंगी। इसके अतिरिक्त 100 स्कूलों में एलईडी और अध्ययन सामग्री और पाठ्यक्रम की हार्ड डिस्क पहले ही उपलब्ध करवा दी गई है। बैठक में खंड परियोजना अधिकारी, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न अध्यापक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।