अब चौरासी परिसर में स्कूल के समय मनचले छात्राओं को प्रार्थना सभा के पहले व बाद में तंग नहीं कर पाएंगे।
पुलिस प्रार्थना सभा से लेकर अवकाश होने तक ऐसे मनचले की टोह लेती रहेगी। अगर ऐसी वैसी हरकत नजर आती है, तो पुलिस इन मनचलों पर कड़ी कार्रवाई करेगी। चौरासी परिसर के अंदर दो वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाएं आती है। जिसमें वरिष्ठ कन्या विद्यालय व वरिष्ठ छात्र विद्यालय मौजूद हैं। इन स्कूलों में कन्या विद्यालय का अपना खेल परिसर न होने से सुबह की प्रार्थना सभा चौरासी परिसर के अंदर ही करनी पड़ती है।
ऐसे में यहां पर कई मनचले अपनी इरादों के सफल होने की आस में बैठे रहते हैं इसी के चलते शिक्षकों को भी प्रार्थना सभा सफल रूप से आयोजित करने में दिक्कतें आती है। एक तो पुलिस इन मनचलों पर सीधे तौर पर कार्रवाई भी नहीं कर सकती है क्योंकि यह मंदिर परिसर है। वहीं पुलिस के लिए यह भी बड़ी दिक्कत है कि चौरासी परिसर में इन मनचलों पर कानूनी शिकंजा नहीं कस पाती है। क्योंकि यह मंदिर परिसर व आम रास्ता है। राजकीय वरिष्ठ कन्या विद्यालय से स्कूल प्रशासन ने शिकायत की है कि प्रार्थना सभा के दौरान कुछेक शरारती तत्व प्रार्थना सभा के इर्द-गिर्द मंडराते रहते हैं। लिहाजा ऐसे मनचलों पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि स्कूल और मंदिर की गरिमा बनी रहे।
स्कूल के समय में हो रही परेशानी : प्रिंसिपल
प्रिंसिपल प्रकाश चंद भारद्वाज का कहना है कि पुलिस में शिकायत की गई है। जिसमें कहा गया है कि प्रार्थना, दोपहर व छुट्टी के बाद युवक स्कूल के आसपास टहलते हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर होने की वजह से किसी को रोका नहीं जा सकता है। लेकिन यदि संदिग्ध गतिविधि करते नजर आया तो उस पर कार्रवाई करने की मांग उन्होंने पुलिस से की थी।
स्कूल प्रबंधन ने की है शिकायत : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि गर्ल्स स्कूल की तरफ से शिकायत मिली है। जिसकी पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि यदि स्कूल के समय में कोई संदिग्ध गतिविधि करता पाया गया तो उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।