सनातन धर्म सभा चंबा के पदाधिकारियों ने बैठक में उठाया मामला, फिर भेजा जाएगा पत्र
कहा, संस्था ने बेहतरीन ढंग से किया कॉलेज का संचालन, सरकार अधिग्रहण तक ही सीमित
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। सनातन धर्म सभा चंबा की बैठक रविवार को जिला मुख्यालय में हुई। इसकी अध्यक्षता अध्यक्ष सुरेश कश्मीरी ने की। बैठक में संस्कृत महाविद्यालय में चल रही अव्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।
साथ ही आगामी रणनीति तैयार की। पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1979-80 से चल रहे संस्कृत काॅलेज को पहले निजी संस्थाओं ने चलाया। 2022 के बाद कॉलेज को सरकारीकरण किया गया है लेकिन आज तक सभा को सरकार की ओर से कोई किराया प्रदान नहीं किया गया। हालांकि इस बारे में पत्राचार भी किया गया मगर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया। बैठक में निर्णय लिया कि इस विषय पर पुनः संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा। बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इसमें बताया कि सभा के सदस्यता अभियान को ओर अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर बल दिया जाएगा। आने वाले समय में अधिक से अधिक लोगों को संस्था से जोड़ने के लिए सदस्यता फॉर्म भरवाए जाएंगे। वार्षिक चंदा एकत्र कर सभा की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाया जाए। सभा ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि भविष्य में सभा की बैठक प्रत्येक माह के तृतीय रविवार को नियमित रूप से आयोजित की जाएगी। 6 मई को श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर चंबा में इस्कॉन के तत्वावधान में एक विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर इस्कॉन के प्रतिष्ठित आचार्य एवं आध्यात्मिक गुरु आचार्य स्वामी महाराज उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम शाम 4 से 8 बजे तक होगा।