चंबा। स्वास्थ्य विभाग ने मिंजर मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच अभियान जारी रखा है। शनिवार को स्वास्थ्य टीम ने मुख्य बाजार और मिंजर मेला मार्केट से 10 खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे।
इसमें सूजी रस्क, ताजा टी, सरसों तेल, सोयाबीन, पकी हुई दाल, चावल, कढ़ी और बिस्कुट शामिल रहे। इन्हें जांच के लिए कंडाघाट स्थित विभाग की प्रयोगशाला में भेजा गया है। वहां से जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अगली कार्रवाई करेगा।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक आनंद ने बताया कि जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुगंधि कौंडल की अगुवाई में भुवन चौहान, लीला गुप्ता और चैन लाल ने शहर की दुकानों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई को भी जांचा। दुकानदारों को चेतावनी जारी की कि वे खाना बनाते और परोसते समय हाथों में दस्ताने और मुंह में मास्क अवश्य पहनें। अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। संवाद