सलूणी (चंबा)। उपमंडलीय पशु चिकित्सालय सलूणी एक साल से प्रतिनियुक्ति के सहारे चलाया जा रहा है। पशु चिकित्सक के नाम पर एक फार्मासिस्ट डेपुटेशन पर चिकित्सालय में सेवाएं देने के लिए जाता है।
वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी का पद एक साल से खाली है। इसके साथ मुख्य पशु औषधि योजक का पद भी चार साल से खाली है। इस वजह से पशु पालक काफी परेशान हैं। उपमंडल के पांच हजार पशुपालक इस पशु चिकित्सालय में अपने मवेशियों का इलाज करवाने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन पशु चिकित्सक नहीं मिलने के कारण उनके बीमार मवेशियों का सही इलाज नहीं हो पा रहा है। इसको लेकर पशु पालक काफी चिंतित हैं, क्योंकि पशु की बीमारी का समय पर सही इलाज नहीं होने पर उनकी मौत भी हो रही है। इसके लिए चिकित्सालय में पशु चिकित्सक का होना काफी जरूरी है।
पशु पालकों में लेखराज, योगराज, कमलेश, दिनेश, हंसराज, सुरेंद्र, भाग सिंह और नरेंद्र ने बताया कि पशु चिकित्सालय सलूणी उपमंडल की सभी पंचायतों के पशु पालकों को सेवाएं प्रदान करता है। ऐसे में यहां पशु चिकित्सक का होना काफी जरूरी है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि पशु चिकित्सालय में रिक्त स्टाफ के पद को शीघ्र भरा जाए। उधर, पशु पालन विभाग के उपनिदेशक मुंशी कपूर ने बताया कि स्टाफ की कमी के बारे में पशुपालन विभाग के निदेशक को अवगत करवा दिया गया है। जल्द रिक्त पदों पर तैनाती हो सकती है।