सलूणी (चंबा)। सलूणी-घुंडेरा-छुलेरा सड़क 16 साल बाद पक्की होगी। सड़क को पक्का करने के लिए लोक निर्माण विभाग 1.15 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। सड़क का निर्माण करीब 16 वर्ष पहले किया गया था। अब इसे पक्का करने का कार्य शुरू हो गया है।
पहले सड़क के पक्का न होने से वाहन चालकों सहित राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब वाहन चालकों को कच्ची सड़क की समस्या से निजात मिलेगी। सड़क पक्की होने से ऐहणी, अंदरेश्वर, घुंडेरा, छुलेरा, ऐरवां, चभड़, गडोडी, भड्डरी और पधरी सहित आसपास के गांवों के लोगों को राहत मिलेगी।
स्थानीय लोगों में रमेश कुमार, महेंद्र सिंह, राजकुमार, मदन लाल और सुरेश कुमार ने बताया कि तीन किलोमीटर सड़क को पक्का करने की ग्रामीण लंबे समय से मांग कर रहे थे। सड़क को पक्का करने का कार्य शुरू होने पर इलाका वासियों ने विभाग का आभार जताया है। साथ ही इस कार्य को गुणवत्ता के साथ करवाने का आग्रह किया है। उधर, लोनिवि के सहायक अभियंता हिमांशु वर्मा ने कहा कि सड़क को पक्का करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अगले माह यह कार्य पूरा हो जाएगा।