चंबा के डलहौजी में साईं बाबा के प्रकटोत्सव को लेकर शोभायात्रा के दौरान लोग।संवाद
डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी डलहौजी में मंगलवार को भगवान श्री सत्य साईं बाबा का 100वां प्रकटोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर श्री सत्य साईं सेवा समिति डलहौजी की ओर से शहर में भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजे की मधुर धुनों के बीच निकली शोभायात्रा में भारी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। हर आयु वर्ग के श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए।
समिति के संयोजक नरेंद्र वर्मा ने बताया कि प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का शुभारंभ लक्ष्मी नारायण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान के साथ किया गया। इसके उपरांत भगवान श्री सत्य साईं बाबा की पालकी को श्रद्धापूर्वक सजाकर भव्य शोभायात्रा रवाना की गई। शोभा यात्रा लक्ष्मी नारायण मंदिर से शुरू होकर गांधी चौक और रघुनाथ मंदिर से गुजरते हुए दोबारा लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
शोभायात्रा के दौरान बैंड-बाजे की मधुर धुनों और साईं बाबा के भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भक्ति संगीत की धुनों पर झूमते हुए बाबा का गुणगान करते रहे। बुजुर्गों से लेकर युवाओं और बच्चों तक सभी में बाबा के प्रति अपार श्रद्धा और उत्साह देखने को मिला। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। शोभायात्रा के समापन के उपरांत मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।