चुराह उपमंडल के जालू गांव में सुरक्षित प्रसव करवाने के बाद ईएमटी याकूब और महिला के परिजन।स्त्र
तीसा (चंबा)। जिले के दुर्गम क्षेत्रों में 108 एंबुलेंस जीवनदायिनी साबित हो रही हैं। चुराह उपमंडल के जालू निवासी गर्भवती खेमदेई और नवजात को 108 एंबुलेंस में तैनात ईएमटी और पायलट ने नया जीवन दिया है।
शुक्रवार मध्यरात्रि को प्रसव पीड़ा से कराह रही महिला ने एंबुलेंस में अस्पताल ले जाते समय गांव से 10 किलोमीटर दूर नवजात शिशु को जन्म दिया। प्रसव के बाद ईएमटी और पायलट ने जच्चा-बच्चा को सुरक्षित सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया। यहां दोनों को दाखिल कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार जालू की खेम देई पत्नी सागर चंद को शुक्रवार रात को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने महिला की बिगड़ती तबीयत को देख तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचित किया। रात 10:00 बजे ईएमटी याकूब और पायलट हुक्मदीन 108 एंबुलेंस लेकर गांव में पहुंचे। परिजन गर्भवती को एंबुलेंस में लेकर अस्पताल के लिए रवाना हुए। तीसा-तरेला-मंगली मार्ग पर रात के 12:30 बजे महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ गई। इसके बाद ईएमटी और पायलट ने मौके पर ही महिला का प्रसव करवाया। महिला ने एक नवजात शिशु को जन्म दिया है। इसके बाद जच्चा-बच्चा को 108 एंबुलेंस से सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया।