मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार करवाने के लिए कतार में खड़े मरीज।
चंबा। चंबा मेडिकल में चल रही सेंट्रल लैब में सीबीसी टेस्ट नहीं हो रहे हैं। इसके चलते मरीजों की परेशानियां बढ़ गई हैं। टेस्ट न होने के कारण उन्हें बाहर की दौड़ लगानी पड़ रही है।
बताया जा रहा है कि पिछले करीब तीन माह से टेस्ट के लिए प्रयोग होने वाली मशीन खराब है। इस वजह से यह टेस्ट नहीं हो पा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार चंबा मेडिकल कॉलेज में सरकार की ओर सेंट्रल लैब की व्यवस्था की गई है। यहां विभिन्न प्रकार के टेस्टों की सुविधा मिल रही है। सीबीसी टेस्ट करवाने के लिए मरीज परेशान हो रहे हैं। लोगों में राकेश कुमार, पवन कुमार, सुमित कुमार, राजेंद्र कुमार, शर्मिला देवी, चंपा देवी, हेम राज, रेखा देवी और संतोष कुमारी ने बताया कि सेंट्रल लैब में सीबीसी टेस्ट न होने के कारण उन्हें निजी लैब का रुख करना पड़ता है। ऐसे में उन्हें करीब अढ़ाई सौ रुपये की राशि खर्च करनी पड़ रही है, जबकि सेंट्रल लैब में ये टेस्ट निशुल्क हो जाते हैं। एक तरफ प्रदेश सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के दावे करती है, दूसरी तरफ मरीजों के लिए लैब में टेस्ट उपलब्ध नहीं करवाए जा रहे हैं। सीबीसी कंप्लीट ब्लड टेस्ट होता है। चिकित्सक इस टेस्ट को लिखते ही हैं। ऐसे में मरीजों को यह टेस्ट बाहर करवाना पड़ रहा है।
उधर, कार्यवाहक चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। कहा कि जल्द ही मशीन को दुरूस्त करवाया जाएगा, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न पेश आए।