चंबा। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य अधिवक्ता जयसिंह कहा कि सदर के विधायक नीरज नैय्यर पूर्व सरकार के कार्यकाल में हुए कार्यों का श्रेय ले रहे हैं। उन्होंने विधायक पर गुमराह करने का आरोप लगाया।
जिला मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते जय सिंह ने कहा कि हाल ही में विधायक ने सोशल मीडिया में बिजली बोर्ड से संबंधित कुछ झूठे आंकड़े पेश किए हैं। उन्होंने अधिकतर ऐसे कार्यों का श्रेय लेने का प्रयास किया है, जो पूर्व विधायक पवन नैय्यर और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में स्वीकृत हुए थे। विधायक जगह-जगह जाकर विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च करने के झूठे दावे कर रहे हैं। कहा कि बीते 18 महीने के कार्यकाल में विधायक ने अपने विस क्षेत्र में मात्र दो ट्रांसफॉर्मर लगवाए हैं। दोनों ट्रांसफॉर्मर अनुसूचित जाति डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत लगाए गए हैं। सूचना का अधिकार अधिनियम से उन्होंने बिजली बोर्ड से आंकड़े जुटाए हैं। 12 दिसंबर 2022 से 31 दिसंबर 2023 तक सदर विधानसभा क्षेत्र में अनुसूचित जाति डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत 11,48,870 रुपये का बजट आया है। इसमें 8,94,648 खर्च हो चुके हैं। आरोप लगाया कि नियमों को दरकिनार कर विधायक ने अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्र के बजाय यह सारा बजट अन्य क्षेत्रों में खर्च कर दिया है।