चुवाड़ी (चंबा)। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सोमवार को 70 लाख रुपये की धनराशि से निर्मित होने वाले रुपियाणा-घटुणा संपर्क मार्ग का विधिवत भूमि पूजन किया।
ग्राम पंचायत परसियारा के रूपेणा पंचायत भवन परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, जिससे पर्यटन गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा। सड़क नेटवर्क के सुदृढ़ होने से भटियात क्षेत्र ट्रैक टूरिज्म, साहसिक पर्यटन एवं धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से एक समृद्ध पर्यटन गंतव्य के रूप में उभरेगा।
जून 2027 तक क्षेत्र के सभी गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक लगभग 80 किलोमीटर संपर्क सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। उन्होंने स्थानीय पंचायत एवं लोगों की मांग पर रूपेणा-परसियारा संपर्क मार्ग को बस योग्य बनाने, रूपेणा में वर्षा शालिका निर्माण और रूपेणा स्कूल को स्तरोन्नत करने और खेल मैदान निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि देने की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि जल्द यहां पशु चिकित्सक भी नियुक्ति किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने लोगों की समस्याओं को भी सुना और अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया।