स्कूल प्रबंधन समिति के तहत भर्ती शिक्षकों ने नियम नौ की शर्त हटाने की मांग की है। रविवार को एसएमसी अध्यापकों की बैठक बनीखेत में आयोजित हुई। इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए संघ के अध्यक्ष अनिल वशिष्ठ ने बताया कि नियम नौ की वजह से एसएमसी शिक्षक डर के साये में नौकरी करने को मजबूर हैं। उन्होंने एसएमसी शिक्षकों के मानदेय में बढ़ोत्तरी करने की भी मांग की। अनिल वशिष्ठ ने बताया कि एसएमसी के तहत भर्ती सभी शिक्षक पूरी योग्यता रखते हैं और स्कूल में सही परिणाम देने में लगे हुए हैं। सरकार को भी इनकी इस मेहनत को देखते हुए उचित कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में नियम नौ को हटा लिया जाता है तो सभी एसएमसी शिक्षक बेखौफ होकर स्कूलों में सेवाएं दे सकते हैं। इस मौके पर दीप सिंह, संजीव कुमार, कुशल कुमार, अनिल, निर्मल, रचना, सुकन्या व शेर सिंह समेत अन्य मौजूद थे।