खज्जियार की खस्ताहाल पार्किंग।
- फोटो : Chamba
खज्जियार (चंबा)। मिनी स्विटरजलैंड के नाम से विख्यात पर्यटन स्थल खज्जियार में ऊबड़-खाबड़ पार्किंग सैलानियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। इसके चलते खज्जियार की वादियों को निहारने के लिए पहुंचने वाले पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खस्ताहाल पार्किंग की वजह से वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे पार्किंग को बजरी डालकर समतल करने के लिए कई बार वन्य प्राणी विभाग से मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया है। गौरतलब है कि वन्य प्राणी विभाग की ओर से खज्जियार में पार्किंग के लिए जगह चिह्नित की गई है, जहां करीब पचास से अधिक गाड़ियां पार्क की जा रही हैं लेकिन, पार्किंग ऊबड़-खाबड़ होने से पर्यटकों के वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है।
चंद्रेश कुमार, अमर चंद, मनोज कुमार, प्रदीप कुमार, ओम प्रकाश, प्रवीण कुमार, अजय कुमार और सुनील ने बताया कि ईको टूरिज्म के पास काफी बजट रहता है लेकिन इस बजट से पार्किंग की दशा को सुधारने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। अब आगामी समय में पर्यटन सीजन आने वाला है। ऐसे में पर्यटकों को फिर से ऊबड़-खाबड़ वाली जगह पर अपने वाहन पार्क करने पड़ेंगे। उन्होंने वन्य प्राणी विभाग से मांग की है कि जल्द पार्किंग में कंकरीट डालकर इसे समतल किया जाए। उधर, वन्य प्राणी विभाग के उपमंडलाधिकारी राजीव कुमार का कहना है कि इसके बारे में एस्टीमेट तैयार किया जाएगा और पार्किंग की जगह को पक्का किया जाएगा।