चंबा चौगान में क्रिकेट मैच के दौरान एलबीडब्लयू की अपील करता गेंदबाज।
चंबा। ऐतिहासिक चंबा चौगान में चल रही राजकुमार बिजेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले मैच में रॉक स्टार कीड़ी की टीम ने रजेरा को 50 रनों से हराया। दिन के दूसरे मैच में खज्जियार ने हरिपुर को सात विकेट से शिकस्त दी।
यह जानकारी प्रतियोगिता के आयोजन सचिव राजीव सहगल ने दी। उन्होंने बताया कि पहले मैच में रॉक स्टार कीड़ी की टीम ने पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित बीस ओवर में 160 बनाए। इसमें मनु ने 45 और पोलार्ड ने 25 रन की पारी खेली। रजेरा की ओर से अभिषेक ने तीन विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रजेरा की टीम 110 रन ही बना सकी। टीम के आठ खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। दीपक ने 28 रन बनाए, मगर टीम को जीत की दहलीज तक नहीं पहुंचा पाए। कीड़ी की ओर से मनु ने तीन विकेट हासिल किए। दिन के दूसरे मैच में हरिपुर की टीम ने बीस ओवर में 141 रन बनाएं। रजत ने 51 रन की पारी खेली। बंटी ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए खज्जियार की टीम ने तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इसमें रवि ने शानदार 73 रन बनाए। दोनों विजेता टीमों ने प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश किया।