चंबा में जुलाहकड़ी चौक के पास सीवरेज चैंबर लीक होने से मार्ग पर बहता गंदा पानी।संवाद
चंबा। शहर में सड़क पर बहने वाली सीवरेज ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। शहर का कोई भी वार्ड ऐसा नहीं होगा, जहां सीवरेज का चैंबर लीक नहीं हो रहा होगा। हालात ऐसे हैं कि राहगीरों को मुंह पर रुमाल रखकर गुजरना पड़ रहा है।
दूसरी ओर, जलशक्ति विभाग गहरी नींद में सोया है। सड़कों पर बहने वाली सीवरेज की इस गंदगी से लोग तंग आ चुके हैं। रविवार को भरमौर चौक के जीरो पाइंट के पास सीवरेज का चैंबर लीक होता रहा। इसी तरह जुलाहकड़ी में एसबीआई बैंक के पास भी सड़क पर गंदगी बहती रही, लेकिन विभाग को शायद यह नजर नहीं आई। स्थानीय लोगों में सुनील कुमार, देसराज, अंकित कुमार और सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले दो दिन से भरमौर चौक के जीरो पाइंट के पास सीवरेज की गंदगी बह रही है, मगर अभी तक इसे दुरुस्त नहीं किया गया है। चैंबर लीक होने से चारों ओर दुर्गंध फैल रही है।
जुलाहकड़ी में भी सुबह से शाम तक सड़क पर सीवरेज की गंदगी बहती रही। इससे सड़क में चारों तरफ बदबू फैल गई। इससे पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ीं। कई लोग मुंह पर रुमाल या हाथ रख कर आवाजाही करते नजर आए। राहगीरों का कहना है कि यहां सीवरेज की गंदगी बहने की समस्या एक दिन की नहीं, बल्कि पिछले कई दिनों से चल रही है। इसका समाधान करने में प्रशासन और विभाग नाकाम हो रहे हैं। बरसात के मौसम में सार्वजनिक स्थानों में इस प्रकार की गंदगी बीमारी फैलने का कारण भी बन सकती है।
उधर, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता दीपक भारद्वाज ने बताया कि शहर में सीवरेज की समस्या का समाधान करने के लिए कंपनी से सर्वे करवाया जा रहा है। इसके बाद शहर की आवश्यकता अनुसार सीवरेज की व्यवस्था करवाई जाएगी।