बनीखेत (चंबा)। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सुदली पंचायत में लगभग 90 लाख रुपये से लाहड़ी गांव के लिए संपर्क सड़क का भूमि पूजन किया।
उन्होंने कहा कि भटियात क्षेत्र के हर गांव को सड़क से जोड़ने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य किया जा रहे हैं। गांव लाहड़ी की काफी लंबे समय से सड़क की मांग को पूरा कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग को दो माह के भीतर सड़क का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि जारी वित्त वर्ष में 32 गांवों को सड़क से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि शेष बचे गांवों को दिसंबर 2026 तक सड़क से जोड़ दिया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भटियात विस क्षेत्र के तहत संधारा सहित खिरडीधार और बगढ़ार क्षेत्र को पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जाएगा। संधारा में जलक्रीड़ा से संबंधित गतिविधियां करवाई जाएंगी। उन्होंने पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लीज पर भूमि उपलब्ध करवाने की बात कहीं। पठानिया ने सुंदली पंचायत भवन के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। कहा कि भटियात क्षेत्र की 22 पंचायतों के लिए सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 44 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस अवसर पर एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज, प्रधान ग्राम पंचायत सुंदली जगदीश चंद, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्ष पुरी सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।