जनसाली-आईटीआई मार्ग पर जनवरी 2025 से अब तक आधा दर्जन लोग गिरकर घायल, मरम्मत का इंतजार
बालू वाया मेडिकल कॉलेज मार्ग बंद होने से बढ़ा यातायात, फायर हाइड्रेंट की पाइपलाइन का काम भी अधूरा
सुभाष कुमार अग्निहोत्री
चंबा। जनसाली-आईटीआई मार्ग पर गड्ढे अब केवल आवाजाही में परेशानी नहीं, बल्कि राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए चोट का कारण बन रहे हैं। जनवरी 2025 से अब तक करीब आधा दर्जन लोग इस मार्ग पर संतुलन बिगड़ने से गिरकर घायल हो चुके हैं।
बीती शुक्रवार रात को भी सुराड़ा निवासी स्कूटी सवार बिट्टू (45) गड्ढे की चपेट में आकर चोटिल हो गए। उनकी टांग और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि मार्ग की बदहाली के बीच फायर हाइड्रेंट की पाइपलाइन का काम भी अधूरा है। सड़क की मरम्मत को लेकर नगर परिषद और जलशक्ति विभाग के अपने-अपने तर्क हैं।
बीती शुक्रवार रात को करीब आठ बजे बिट्टू बालू से जनसाली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर बने गड्ढे में स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह गिरकर घायल हो गए। इससे पहले जनवरी 2025 से अब तक शिक्षक वर्ग समेत अलग-अलग पेशों से जुड़े अनीता देवी, नरेश कुमार, रमेश कुमार, वीरेंद्र, अजय कुमार और नागेश भी दोपहिया वाहनों से गिरकर चोटिल हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर गड्ढों की स्थिति ऐसी है कि वाहन चालकों को हर समय संभलकर चलना पड़ता है।
बढ़े वाहनों के दबाव ने बढ़ाया खतरा
पक्काटाला मोहल्ले में डंगा गिरने के बाद निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते बालू वाया मेडिकल कॉलेज मार्ग बंद है और जनसाली-आईटीआई सड़क पर वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। बढ़ते यातायात के बीच गहरे गड्ढे हादसों का खतरा और बढ़ा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कोरोना काल के बाद इस मार्ग पर केवल एक बार पैचवर्क करवाया गया। उसके बाद मरम्मत की सुध नहीं ली गई। आईटीआई के पास लोहे का जाला भी टूटा हुआ है और आगे जनसाली तक सड़क पर गड्ढे बने हुए हैं।
पांच माह पहले फायर हाइड्रेंट का कार्य आवंटित किया गया है। ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि 15 से 20 दिनों में आईटीआई-जनसाली मार्ग पर काम पूरा करवाया जाए। - दीपक भारद्वाज, सहायक अभियंता, जलशक्ति विभाग
एक साल पहले फायर हाइड्रेंट के कार्य को लेकर विभाग की ओर से सूचना मिली थी। पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद ही सड़क की मरम्मत करवाई जा सकती है। इससे पहले मरम्मत करवाने पर परिषद को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। - राखी कौशल, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद चंबा
सड़क बड़े हादसे की वजह बन सकती है। शासन-प्रशासन भी इसकी सुध नहीं ले पाया है। - बिट्टू, सुराड़ा
तारकोल बिछाने से पहले पैचवर्क करवाकर दोपहिया वाहन चालकों को राहत दी जानी चाहिए। - मनोज कुमार, जनसाली
शहर के अन्य वार्डों में विकास कार्य होते हैं, लेकिन जनसाली-आईटीआई मार्ग की सुध लेना परिषद भूल जाती है। - राम ठाकुर, जनसाली
आईटीआई के पास लोहे का जाला टूटा है। इसके आगे जनसाली तक सड़क पर गहरे गड्ढे पड़े हैं। - अतुल ठाकुर, स्थानीय निवासी