बंजल बस स्टैंड के पास बारिश के कारण टूटा सड़क का एक हिस्सा: जागरूक पाठक
साहो (चंबा)। बंजल बस स्टैंड के समीप सड़क का एक बड़ा हिस्सा ढहने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण सड़क का आधा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क संकरी होने से बड़े वाहनों के साथ छोटे वाहन चालकों को भी बेहद सावधानी से गुजरना पड़ रहा है। वाहन चालकों में राज कुमार, सुरजीत कुमार, सुशील कुमार, विनोद कुमार, अभिषेक कुमार ने कहा कि सड़क के किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। रात के समय और खराब मौसम में दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। वाहन चालकों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कर नया डंगा लगाया जाए। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगिंद्र कुमार ने बताया कि समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा। संवाद