सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की छह पंचायतों को जोड़ने वाले गोठ से किलोड़ मार्ग को वन विभाग से अनुमति मिल गई है। इस सड़क को बनाने के लिए छह पंचायतों के लोग लंबे समय से मांग कर रहे थे। वन विभाग से अनुमति मिलने पर लोनिवि डीपीआर बनाने के कार्य को अंजाम दे रहा है। डीपीआर बनने के बाद टेंडर प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। जिसके बाद सड़क का निर्माण कार्य आरंभ होगा। गोठ से किलोड़ तक 13 किमी लंबी सड़क बनाई जाएगी।
सड़क बनने से ग्राम पंचायत सलूणी, सूरी, खरोटी, खरल, सियुला व किलोड़ के दर्जनों गांव के लोगों को लाभ मिलेगा। सड़क बनाने को लेकर ग्रामीण लंबे अर्से से मांग कर रहे थे। इसको लेकर स्थानीय महिलाओं ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर सरकार को भी भेजा था। दो साल पहले सलूणी दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने भी ग्रामीणों को आश्वासन दिया है। ऐसे में अब वन विभाग की एनओसी मिलने से रास्ते निर्माण की राह में आने वाली बड़ी बाधा भी दूर हो गई है। जिससे लोगों में खुशी का माहौल है।
ग्रामीणों में बिंदिया ठाकुर, रेखा ठाकुर, मुकेश शर्मा, मदन ठाकुर, परस राम, तुला राम, बिहारी लाल, मदन मोहन शर्मा व अर्चना शर्मा ने सरकार व लोनिवि का आभार जताया है। लोनिवि अधिशासी अभियंता एसके चंदेल ने बताया कि उपरोक्त सड़क को लेकर वन विभाग से एनओसी मिल गई है। सड़क की डीपीआर तैयार की जा रही है। जल्द ही टेंडर करवाए जाएंगे।