मौसम के अचानक आए बदलाव से जिले के बागवानों की बढ़ी चिंता
विभाग का दावा- ओलावृष्टि से 30 फीसदी बागवानों को हुआ नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। बारिश के साथ ओलावृष्टि का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। इस स्थिति ने सेब की तैयार हो रही फसल पर गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।
विभाग के अनुसार बीते दिनों हुई ओलावृष्टि से 30 प्रतिशत बागवानों को नुकसान हुआ है। जिले के सलूणी, भरमौर, होली, चुराह, साहो, तेलका क्षेत्रों में अधिकतर सेब के बगीचे हैं। इनमें बीते दिनों ओलावृष्टि होने से फसल को काफी नुकसान पहुंचा है।
कई क्षेत्रों में अभी भी बागवानों ने अपने बगीचों में एंटी-हेल नेट नहीं लगाए हैं जिससे सेब के फूल ओलों और तेज बारिश की वजह से झड़ सकते हैं। मौसम की अनिश्चितता के बीच यह स्थिति बागवानों के लिए चिंता का बड़ा कारण बनी हुई है। उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रमोद शाह ने बागवानों से अपील की है कि वे तुरंत एंटी-हेल नेट लगाकर बगीचों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मौसम और अधिक अस्थिर रह सकता है जिससे नुकसान की संभावना बढ़ सकती है।