सिंहुता परिक्षेत्र में पीली पड़ी धान की फसल: जागरूक पाठक
सिहुंता (चंबा) क्षेत्र में हाल ही में हुई लगातार बारिश के बाद धान की फसल पर संकट मंडराने लगा है। सिहुंता के कई गांवों में धान की फसल पीली पड़ रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। कटाई में अब महज एक माह का समय बचा है, लेकिन खेतों में हरियाली के बजाय पीली होती फसल दिखाती दे रही है। इससे किसान निराश हैं और उनकी मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। किसानों का कहना है कि फसल को समय पर खाद और पानी दिया गया, लेकिन फिर भी फसल की रंगत खराब हो रही है। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अचानक ऐसा क्या हुआ, जिससे फसल पीली पड़ने लगी। कुछ किसानों का मानना है कि बारिश के कारण खेतों में अधिक नमी हो गई, जिससे पौधों की जड़ें सड़ने लगी हैं। वहीं, कुछ का कहना है कि यह किसी फफूंद या रोग का असर भी हो सकता है। किसान कुलदीप कुमार, जगदीश, दीपक कुमार, किशारी लाल, मदन, हेम राज और योग सिंह ने बताया कि उन्होंने दिन-रात मेहनत की, लेकिन अब फसल की हालत देखकर दिल टूट रहा है। अगर समय रहते इलाज नहीं मिला तो पूरी फसल खराब हो जाएगी। अब तक किसी अधिकारी ने खेतों का दौरा नहीं किया। अगर जल्द कुछ नहीं हुआ तो हम भारी नुकसान में चले जाएंगे। किसानों ने प्रशासन और कृषि विभाग से अपील की है कि जल्द से जल्द खेतों का निरीक्षण किया जाए, ताकि समस्या की जड़ तक पहुंचा जा सके और उसका समाधान निकाला जा सके। किसान उम्मीद कर रहे हैं कि सरकार इस संकट की घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ेगी।
मामला ध्यान में है। टीम को निरीक्षण के लिए भेजा जाएगा, ताकि फसल के पीली होने का कारण पता चले। कृषि डॉ. भूपेंद्र सिंह, उपनिदेशक, कृषि विभाग