चंबा। बाहरी जिलों से जनजातीय क्षेत्र पांगी आने वाले लोगों की स्वास्थ्य विभाग पूूरी स्क्रीनिंग कर रहा है। वाया जेएंडके आने वाले लोगों की संसारी नाला में स्वास्थ्य विभाग की टीम स्क्रीनिंग कर रही है, जबकि वाया लाहौल आने वाले लोगों की सगलवास में स्क्रीनिंग की जा रही है।
बिना स्वास्थ्य जांच किसी भी व्यक्ति को पांगी में दाखिल नहीं होने दिया जा रहा है। इसके लिए स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरी व्यवस्था की गई है। वीरवार को बसों के जरिये 27 लोग पांगी पहुंचे, जबकि बुधवार को बीस लोग पांगी आए। इन सभी लोगों को स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन की ओर से 28 दिनों तक होम क्वारंटीन पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए आशा वर्कर और संबंधित पंचायत प्रतिनिधि इन लोगों पर पूरी निगरानी रखेंगे, ताकि कोई भी व्यक्ति होम क्वारंटीन के दौरान अन्य लोगों के साथ मेल मिलाप न कर सके। क्वारंटीन के दौरान अन्य लोगों के साथ मेल मिलाप करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खंड चिकित्सा अधिकारी पांगी डॉक्टर महेंद्र ने बताया कि पांगी में पिछले दो दिनों में 47 लोग पहुंचे हैं। जिन्हें स्क्रीनिंग के बाद पांगी में दाखिल होने की अनुमति दी गई है। इन सभी लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है।