परिवहन निगम से मार्च में हुए हैं सेवानिवृत्त
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मार्च से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अभी तक पेंशन नहीं मिल पाई है। इसके चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चंबा से सैकड़ों सेवानिवृत्त कर्मचारी छह माह से पेंशन की राह ताक रहे हैं। वहीं, सरकार से भी कई बार मांग कर चुके हैं। कई कर्मचारी ऐसे हैं जो गंभीर बीमारी से गुजर रहे हैं और उन्हें हर माह अपने स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए अस्पतालों का रुख करना पड़ता है लेकिन, पेंशन न मिलने से उनकी दिक्कतें काफी बढ़ जाती हैं। सेवानिवृत्त कर्मचारियों सुरेश कुमार, कुलदीप कुमार, हेम राज, महिंद्र कुमार, कमलेश कुमार आदि का कहना है कि वे मार्च से परिवहन निगम से सेवानिवृत्त हुए हैं लेकिन, उन्हें अभी तक पेंशन नहीं मिल रही है। हालांकि, उन्होंने औपचारिकताएं पूरी कर दी हैं। बावजूद इसके पेंशन मिलने का इंतजार करते छह माह बीत गए हैं। ऐसे में उनके लिए परिवार को चलाना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि परिवहन निगम से जो कर्मचारी मार्च से सेवानिवृत्त हुए हैं, उन्हें जल्द पेंशन दी जाए।