चुवाड़ी (चंबा)। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन चुवाड़ी ने इस साल की पहली बैठक आयोजित करवाई। बैठक में 2016 से 2022 तक के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की संशोधित पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य लाभों के वितरण में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की गई। पेंशनरों ने मांग की है कि सरकार शीघ्र इन लाभों को जारी करे। साथ ही कहा कि मांगों को नजरअंदाज किया, तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
सबसे पहले बैठक में संगठन के सभी सदस्यों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं गईं। इस दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। सदस्यों ने 13 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) और उसके एरियर को जल्द जारी करने की मांग की गई। साथ ही, चिकित्सा भत्ते को 2000 प्रति माह करने की भी सिफारिश की गई।
बैठक में यह भी मांग की गई कि 2016 से पहले सेवानिवृत्त पेंशनरों के पेंशन निर्धारण मामलों में जल्द निर्णय लिया जाए। राज्य स्तरीय संयुक्त संघर्ष समिति की आगामी बैठक के बारे में जानकारी दी गई। 18 जनवरी को बिलासपुर में जेसीसी को लेकर बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पेंशनरों के हक के लिए संघर्ष की नई रणनीति तैयार की जाएगी। सरकार पर दबाव बनाने के लिए समिति सक्रिय रूप से काम करेगी। इससे पेंशनरों की मांगें पूरी की जा सकें। बैठक में सदस्यों ने विधानसभा अध्यक्ष विधायक कुलदीप सिंह पठानिया का आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने पेंशनरों की मुख्य मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है। इस बैठक में चमन लाल, लाल चंद और अभय सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।