चंबा। वर्ष 2016 के नए वेतनमान के हिसाब से हिमाचल पथ परिवहन निगम से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन का अभी तक भुगतान नहीं हो रहा है। इससे सेवानिवृत्त कर्मचारी वर्ग स्वयं को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। इतना ही नहीं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को एरियर का भुगतान नहीं हो रहा है। साथ ही मेडिकल बिल का भुगतान भी समय पर नहीं हो रहा है। इससे कर्मचारी वर्ग को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सेवानिवृत्त कल्याण मंच चंबा के उपाध्यक्ष भूपेंद्र जसरोटिया ने बताया कि प्रबंधन से कई बार यह आग्रह किया जा चुका है बावजूद इसके अभी तक उनकी मांगों को पूरा करने पर कोई गौर नहीं किया गया। उन्होंने मांग उठाई है कि कार्यालय से पेंशन धारकों की अदायगी की हर सूचना घर के पते पर लिखित में भेजी जाए लेकिन उस पर अभी तक अमल नहीं हो पाया है जबकि तत्कालीन आरएम द्वारा यह आश्वासन दिया गया था कि हर आदायगी की सूचना घर भेजी जाएगी। इस मौके पर प्रांत उपाध्यक्ष शक्तिप्रशाद, महासचिव जयचंद, साहब चंद ,अश्वनी कुमार, रविंद्र कुमार, जोगिंद्र सिंह, माधो राम, कर्म चंद, शराफत, सुख देव, नारायणी देवी, केसरू राम, देविंद्र जसरोटिया, कर्म सिंह ठाकुर, विक्रम सिंह आदि उपस्थित रहे।