मैहला (चंबा)। मैहला पंचायत के ग्रामीण करीब एक महीने से बिजली की आंख-मिचौनी से परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में दिन में कई बार बिजली गुल हो जाती है।
अघोषित कटौती के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। उमस भरी गर्मी में हालात और भी मुश्किल हो गए हैं। कभी कुछ मिनटों के लिए तो कभी लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहती है।
स्थानीय निवासी विकास, सन्नी कुमार, नरेंद्र कुमार, अजय कुमार, प्रदीप कुमार और विनय कुमार ने बताया कि पिछले एक महीने से बिजली आपूर्ति का यही हाल है। बरसात के मौसम में भी उमस काफी अधिक है। ऐसे में बार-बार बिजली जाने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड से मांग की है कि क्षेत्र में बार-बार होने वाली अघोषित कटौती का स्थायी समाधान किया जाए। उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि तकनीकी कारणों का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही आवश्यक सुधार कार्य कर बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाया जाएगा। संवाद