चंबा। विकास खंड मैहला की करियां पंचायत के वार्ड-1 के तन्होटू गांव से दरकेटी तक के श्मशानघाट को जाने वाले रास्ते का कार्य शुरू होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। यह रास्ता कुछ समय पहले हुई भारी बारिश से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। बहरहाल, मार्ग खस्ताहाल होने के कारण यहां से शव को श्मशानघाट तक पहुंचाना लोगों के लिए काफी जटिल हो जाता था। इसको लेकर अमर उजाला में भी प्रमुखता के आधार पर खबर प्रकाशित हुई। इसके बाद अब आखिरकार पंचायत स्तर पर इस श्मशानघाट को जाने वाले रास्ते की मरम्मत का कार्य आरंभ कर दिया गया है। संजय शर्मा, अश्वनी कुमार, टेक चंद, योगराज, दिनेश कुमार, सुनील कुमार, अनिल कुमार और जय कुमार ने बताया कि श्मशानघाट को जाने वाले इस रास्ते की हालत काफी दयनीय हो चुकी थी। इस वजह से यहां से होकर गुजरना स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के लिए चुनौतीपूर्ण बना हुआ था। पंचायत प्रधान दीपक राणा ने बताया कि पंचायत के वार्ड-1 के तन्होटू गांव से दरकेटी तक रास्ते की खस्ता हालत को लेकर ग्रामीणों ने मांग रखी थी। इसके तहत ग्रामसभा में प्रस्ताव पास करके तन्होटू गांव से लेकर दरकेटी तक श्मशानघाट के इस रास्ते का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है।