चंबा। हरदासपुरा और मुगला में पेयजल पाइपों की लीकेज ठीक करने के लिए जल शक्ति विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। शनिवार को विभागीय कर्मचारी सड़क की खोदाई कर जमीन के भीतर बिछे पाइपों को दुरुस्त करते नजर आए।
विज्ञापन
लीकेज के कारण पानी घरों तक पहुंचने के बजाय रास्ते में ही व्यर्थ बह रहा था, जिससे लोगों को पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिल रही थी। विभाग की ओर से प्रभावित स्थानों पर खुदाई कर पाइपों की वेल्डिंग के माध्यम से मरम्मत की जा रही है। इससे पानी की बर्बादी रोकने और आपूर्ति सुचारु करने में मदद मिलेगी।
जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र शर्मा ने बताया कि सड़क के नीचे लीक हो रही पाइपों को ठीक करवाया जा रहा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जा रहा है। संवाद