धरवाला (चंबा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएसची) चूड़ी के भवन का मरम्मत कार्य अवैध कब्जों के कारण अटक गया है। ऐसे में अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से राजस्व विभाग को जल्द जमीन की निशानदेही (डिमार्केशन) करने को लेकर पत्र लिखा है। जमीन की पैमाइश होने पर सरकारी और लोगों की मलकीयत जमीन अलग हो जाएगी। इसके बाद सीएचसी के भवन की मरम्मत के कार्य समेत भवन तक सड़क पहुंचेगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भवन की मरम्मत के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा है। वहीं, लोक निर्माण विभाग भरमौर को 30 लाख रुपये कंकरीट का डंगा लगाकर सड़क बनाने के लिए जमा करवाए हैं।
सीएचसी चूड़ी में 24 पंचायतों ग्राम पंचायत लोथल, सुनारा, ब्रेही, गैहरा, राड़ी, खुंदेल, बलोठ, गांण, किलोड़, कुनेड़, प्रीणा, गुराड़, डुलाड़ा, ढिमला और बकाण इत्यादि की 22,000 की आबादी स्वास्थ्य लाभ के लिए निर्भर है। स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ की दरकार भी है। नतीजतन, लोगों को एक्सरे और अल्ट्रासाउंड की सहूलियत भी नहीं मिल पा रही है। जिस वजह से लोगों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए 25 से 40 किलोमीटर जिला मुख्यालय चंबा की ही दौड़ लगानी पड़ रही है। वहीं, विभागीय अधिकारी स्वास्थ्य विभाग की जमीन पर कब्जे होने और अब डिमार्केशन के लिए पत्र लिखने की बात कह कर अपना पक्ष रख रहे हैं।
अस्पताल की जमीन पर लोगों ने कब्जे किए हैं। जिस कारण भी भवन के मरम्मत का कार्य नहीं हो पा रहा है। इस बारे में अब राजस्व विभाग को पत्र लिखा है।
डॉ. बिपन ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चंबा
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जमा करवाए बजट के अनुसार सड़क निर्माण का कार्य करवाया जा रहा है। एक स्थानीय व्यक्ति की ओर से रास्ता रोका है। जिस वजह से करीब 30 मीटर कंकरीट का डंगा लगाकर सड़क बनाने का कार्य शेष रहा है। राजस्व विभाग के डिमार्केशन करने के बाद ही आगे का कार्य करवा दिया जाएगा।
मीत शर्मा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग मंडल भरमौर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चूड़ी की जगह की निशानदेही करने के लिए निर्देश फील्ड कानूनगो को कर दिए गए हैं। जल्द ही इसकी निशानदेही की जाएगी।
रूप सिंह नेगी, नायब तहसीलदार, उप तहसील धरवाला