चंबा। प्रसाद योजना के तहत जिले के धार्मिक पर्यटन स्थलों में अनेक नई विकास परियोजनाओं को शुरू किया जाएगा। इससे न केवल यहां आने वाले धार्मिक पर्यटकों के लिए सुविधाओं में सुधार होगा बल्कि जिले के पर्यटन स्थलों को विशेष पहचान भी मिलेगी। यह जानकारी उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जिला मुख्यालय चंबा में प्रसाद योजना के संबंध में आयोजित बैठक के दौरान दी। उन्होंने बताया कि प्रसाद योजना भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की ओर से शुरू की गई एक महत्वपूर्ण योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य तीर्थ स्थलों को विकसित करना और उनकी पहचान बढ़ाना है। योजना के तहत सरकार तीर्थ स्थलों पर पर्यटन अवसंरचना के विकास के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करती है।
उपायुक्त ने बताया कि प्रसाद योजना के अंतर्गत चंबा, डलहौजी और भरमौर क्षेत्र से विभिन्न विकास परियोजनाओं से संबंधित प्रस्ताव मंजूरी के लिए भेजे जाएंगे। इस अवसर पर एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती, जिला पर्यटन अधिकारी राजीव मिश्रा, जिला भाषा अधिकारी तुकेश कुमार, दिनेश कुमार, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।