चुराह (चंबा)। उपमंडल की ग्राम पंचायत तीसा-द्वितीय के तहत एक दर्जन गांवों के बाशिंदों को आधा अक्तूबर बीत जाने के बाद भी रिफाइंड और सरसों तेल नहीं मिल पाया है।
इस कारण हर रोज डिपुओं में आवश्यक खाद्य पदार्थ लेने के लिए मीलों का सफर तय कर पहुंचने वाली महिलाओं समेत अन्य लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। राशन कार्ड धारकों का कहना है कि हर माह डिपुओं से दालें, रिफाइंड, तेल या नमक तक नहीं मिल पाता है। इस कारण क्षेत्र के करीब 800 राशन कार्ड धारकों को परेशानियां ही उठानी पड़ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि डिपुओं से हर माह समस्त राशन कब मिला, इस बारे भी कुछ नहीं कहा जा सकता है। उन्होंने खाद्य आपूर्ति नियंत्रक से मांग की है कि प्राथमिकता के आधार पर डिपो संचालक को आदेश जारी कर उपभोक्ताओं को समस्त राशन मुहैया करवाया जाए।
ग्राम पंचायत द्वितीय-द्वितीय के गांव शिकारी-प्रथम, शिकारी-द्वितीय, बंजली, कुवारुई, जनूह, गनेड़, कंलूडा, धनेली, सेरी, संयोगा आदि गांवों के राशन कार्ड धारकों को डिपुओं से रिफाइंड और सरसों तेल नहीं मिल रहा है। इस कारण उन्हें बाजार से 170 रुपये चुकता कर रिफाइंड और 190 रुपये अदा कर सरसों तेल खरीदना पड़ रहा है। बताया कि हर माह उन्हें 20 तारीख तक राशन मिलता रहा है, लेकिन अक्तूबर माह खत्म होने को सप्ताह शेष बचने पर अभी तक रिफाइंड और सरसों का तेल नहीं मिल पाया है।
जिला खाद्य आपूर्ति विभाग तीसा के निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि रिफाइंड और सरसों तेल की सप्लाई कंपनी की ओर से नहीं हो पाई है। इस वजह से इस प्रकार की नौबत पेश आई है। बताया कि सप्लाई आते ही उपभोक्ताओं में इसे वितरित कर दिया जाएगा।