कार्यकर्ता का एक और सहायिका के नौ पद भरे जाएंगे, जमा दो उत्तीर्ण होना अनिवार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। उपमंडल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के 10 रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक और पात्र महिला उम्मीदवार 29 अक्तूबर तक बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय भरमौर में आवेदन जमा करवा सकती हैं।
बाल विकास परियोजना अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का एक पद सांह केंद्र में भरा जाएगा। वहीं, सहायिका के नौ पद कुगती-1, चलेड़, चान्गुई, मिन्द्रा, कलाह, तिल्ला, चियानी, भराड़ी और सतनाला केंद्रों में भरे जाएंगे।
आवेदन के लिए महिला उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के लाभान्वित क्षेत्र की निवासी होने के साथ जमा दो उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सक्षम अधिकारी की ओर से जारी आय प्रमाणपत्र देना होगा।
उच्च शैक्षणिक योग्यता, दिव्यांगता, अनाथ, विधवा और निराश्रित सहित निर्धारित श्रेणियों के उम्मीदवारों को नियमानुसार अंक दिए जाएंगे। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को भी नियमानुसार लाभ मिलेगा। पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी के लिए महिलाएं संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, वृत्त पर्यवेक्षक या बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय भरमौर से संपर्क कर सकती हैं।