चंबा। जिले के 25 निजी स्कूलों की मान्यता पर खतरा मंडरा सकता है। इन स्कूलों ने अभी तक मान्यता नवीनीकरण के लिए आवेदन नहीं किया है। विभाग की ओर से इन स्कूलों को आदेश दिए हैं कि 20 फरवरी तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करें। इसके बाद किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस लापरवाही के लिए निजी स्कूल प्रबंधक स्वयं जिम्मेदार होंगे।
विभाग की ओर से इस तरह के निर्देश जारी करने का मकसद निजी स्कूल प्रबंधकों की मान्यता संबंधित औपचारिकता को तय अवधि से पहले पूरा करवाना है। जानकारी के मुताबिक जिले में करीब 125 स्कूल है। इनमें से 100 स्कूलों ने ऑनलाइन माध्यम से मान्यता नवीनीकरण के लिए आवेदन कर दिया है। इन स्कूलों को आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए अनुमति जारी कर दी है, जबकि अभी भी 25 ऐसे निजी स्कूल हैं, जिन्होंने इसके लिए आवेदन नहीं किया है।
अब एक सप्ताह का समय ही इन निजी स्कूल प्रबंधकों के पास है। उधर, कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा विकास महाजन ने इस बारे में निजी स्कूलों के प्रबंधकों को आदेश जारी कर दिए है। सभी स्कूल समय रहते ऑनलाइन नवीनीकरण करवाएं।