चंबा के जडेरा में छिंज मेले के दौरान जोर आजमाईश करते पहलवान।संवाद
चंबा। विकास खंड चंबा के तहत आती ग्राम पंचायत जडेरा में दंगल मेले में कुश्ती के मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। इस दौरान दिल्ली, हरियाणा और अमृतसर के नामी पहलवानों को स्थानीय पहलवानों और रोहतक के रवि ने धूल चटाई। बड़ी माली के विजेता रोहतक के रवि बने, जिन्होंने चंबा के रफी पहलवान को हराया।
रविवार देर शाम तक चले इस दंगल में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। छोटी माली को लेकर जसौरगढ़ के पहलवान मोहन लाल और चंबा के नजीर के बीच मुकाबला हुआ। इस मैच में जसौरगढ़ के पहलवान मोहन लाल ने नजीर को हराया। दंगल मेले के विजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। समापन मौके पर पंचायत प्रधान लेखराज और उपप्रधान बलदेव ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि मेलों का आयोजन करने का मकसद वर्तमान पीढ़ी को पुरानी संस्कृति से जोड़े रखना है।