बर्फानी तेंदुआ, भूरा भालू व कस्तूरी मृग के जंगले में विचरण करते हुए कैद हुई तस्वीरें
पिछली सर्दियों में लगाए गए ट्रैप कैमरों को निकालने पर सामने आईं ये दुर्लभ तस्वीरें
पांगी में तीन दुर्लभ प्रजाति के वन्य जीव फल फूल रहे, वन्य प्राणी विभाग संरक्षण में जुटा
प्रवीण कुमार
चंबा। पांगी के सेचु हिलुटवान वन्य प्राणी अभ्यारण्य क्षेत्र में एक साथ ही विलुप्त प्रजाति के दुर्लभ वन्य जीवों को देखा गया है। जोकि वन्य प्राणी विभाग के लिए किसी उपलब्धि से कम नहीं है। इन दुर्लभ वन्य जीवों में बर्फानी तेंदुआ, भूरा भालू और कस्तूरी मृग शामिल है। इन वन्य जीवों की प्रजाति दुनिया से विलुप्त होने की कगार पर पहुंच चुकी है। ऐसे में इन दुर्लभ वन्य जीवों का पांगी के जंगलों में मिलना चंबा वासियों के लिए खुशी की खबर है। इन दुर्लभ वन्य जीवों के साथ पहली बार वन्य प्राणी विभाग को पीले रंग के गले वाले नेंवले की तस्वीर भी कैद की। जोकि शायद ही इससे पहले चंबा में देखा गया हो। वन्य प्राणी विभाग ने पिछले साल सर्दियों के मौसम में सेचु हिलुटवान में ट्रैप कैमरे लगाए थे। कुछ दिन पहले ही इन ट्रैप कैमरों को निकालकर दूसरे स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। जब ट्रैप कैमरों में कैद हुई वन्य जीवों की तस्वीरों को देखा गया तो उसके नतीजे काफी चौकाने वाले थे।
बर्फानी तेंदुआ दो साल पहले भी पांगी के जंगलो में देखा गया था। लेकिन पिछले साल उसके प्रमाण विभाग को नहीं मिल पाए। इसके चलते विभाग ने उन सभी स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगाए थे। जहां पर बर्फानी तेंदुआ उन्हें मिल सकता था। जब वहां लगाए गए ट्रैप कैमरों की फुटेज को देखा गया तो उसमें बर्फानी तेंदुआ जंगल में आराम से विचरण करता हुआ दिखाई दिया। उसके साथ भूरा भालू, कस्तूरी मृग ओर पीले रंग के गले वाला नेंवला भी देखने को मिला।
इनसेट
वन्य प्राणी विभाग के मंडल अधिकारी कुलदीप जम्वाल ने बताया कि सेचु हिलुटवान वन्य प्राणी अभ्यारण्य क्षेत्र में बर्फानी तेंदुआ, भूरा भालू व कस्तूरी मृग के प्रमाण मिले हैं। उनके संरक्षण को लेकर विभाग योजना बद्ध तरीके से कार्य कर रहा है।
सेचु हिलुटवान में ट्रैप कैमरे में कैद हुआ दुर्लभ बर्फानी तेंदुआ
सेचु हिलुटवान में ट्रैप कैमरे में कैद हुआ दुर्लभ बर्फानी तेंदुआ