चंबा के रजेरा-धुलाड़ा मार्ग पर तारकोल बिछाने में जुटी विभाग की टीम।संवाद
चंबा। रजेरा-धुलाड़ा मार्ग पर अब सफर सुहावना होने वाला है। ग्रामीणों की मांग पर लोक निर्माण विभाग ने मार्ग के उन्नयन के कार्य का प्रस्ताव सरकार को भेजा था, इसे अनुमति मिलने के बाद काम शुरू हो गया है। विभाग के कनिष्ठ अभियंता वरुण ने बताया कि 14 किलोमीटर मार्ग के विस्तारीकरण के लिए सरकार ने 12 करोड़ रुपये का बजट मिला है।
विभाग ने ठेकेदार को साफ चेताया है कि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। समय समय पर विभागीय सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता कार्य का निरीक्षण कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि रजेरा-धुलाड़ा मार्ग पर कई जगह आपदा के दौरान भूस्खलन से मार्ग संकीर्ण हो चुका है।
मार्ग की बदहाल स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने सदर विधायक और विभाग से मार्ग के उन्नयन की मांग उठाई। इसके बाद विधायक के निर्देशानुसार लोक निर्माण विभाग की ओर से अपने स्तर पर प्रस्ताव स्वीकृति को भेजा। जिसे स्वीकृति मिलने पर विभाग ने ठेकेदार को कार्य सौंपा है।
मार्ग उन्नयन कार्य के तहत कटिंग, पाइप कन्वर्टर, मेटलिंग, टारिंग, स्टील के क्रैश बैरियर और पैरापिट लगेंगे। कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। ठेकेदार को पहले ही चेता दिया है। दिनेश कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग चंबा