भरमौर-पठानकोट एनएच पर लाहल के पास सड़क पर गिरी चट्टानों को हटाते एसडीएम भरमौर, एसएचओ भरमौर और अन्?
- फोटो : Chamba
भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर की ग्राम पंचायत सियुंर को जोड़ने वाला पुल पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। इस कारण पुल से आवाजाही पर रोक लगा दी है। इस पुल से ग्राम पंचायत सियुंर की दो हजार की आबादी रोजाना आवाजाही करती है। वहीं, दूसरी तरफ प्रशासन की ओर से इस पुल का मरम्मत कार्य जल्द से जल्द करने के आदेश जारी किए हैं।
गौरतलब है कि जिला में तीन दिन से लगातार बारिश और बर्फबारी का क्रम जारी है। इससे अब जनजीवन अस्त-व्यस्त होने लगा है। शुक्रवार को पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण सियुंर पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे लोगों को आवाजाही के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जोखिम उठाकर ग्रामीण इस पुल से आवाजाही कर रहे है। ग्रामीणों में रमेश कुमार, बिमला देवी, सुरेंद्र कुमार, रेखा देवी, राजेश कुमार, कृष्ण चंद, पुष्पा देवी, भीमसैन, दलीप सिंह, रोशन लाल, कौशल्या देवी, रीता देवी, उमेश कुमार ने भरमौर प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पुल का मरम्मत कार्य करवाया जाए।
एडीएम भरमौर पीपी सिंह ने बताया कि यह मामला ध्यान में है। कहा कि पुल का मरम्मत कार्य करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जल्द ही पुल को सही करवा दिया जाएगा।