संघणी अग्निकांड की जांच करने पहुंची विभागीय टीम को ग्रामीणों ने घेरा, स्वतंत्र एजेंसी से जांच की मांग
ग्रामीणों का आरोप- दो से तीन घंटे देर से पहुंची दमकल, समय पर आती तो बच सकती थीं दुकानें और मकान
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। संघणी बाजार में आग ने कई परिवारों की वर्षों की मेहनत और जमा-पूंजी छीन ली। अब इस तबाही के बाद अग्निशमन विभाग की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
शुक्रवार को घटनास्थल पर नुकसान का जायजा लेने पहुंची विभागीय टीम के सामने ग्रामीणों ने अपना आक्रोश जाहिर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दमकल कर्मी आग लगने के दो से तीन घंटे बाद पहुंचे। यदि टीम समय पर पहुंचती तो एक मकान और कुछ दुकानों को आग की चपेट में आने से बचाया जा सकता था। ग्रामीणों ने विभागीय जांच पर भरोसा जताने के बजाय किसी स्वतंत्र एजेंसी या अन्य विभाग से मामले की पड़ताल करवाने की मांग की। उधर, कार्यवाहक एसडीएम ने अग्निशमन विभाग को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक सप्ताह में रिपोर्ट तलब की है।
सुबह करीब 11 बजे अग्निशमन अधिकारी दीवान चंद ठाकुर सहयोगी राजेश के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तो अख्तर मांगरा, अमित ठाकुर, सत्य प्रकाश, यूनिस मलिक और सुरेंद्र कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। ग्रामीणों ने जवानों पर लापरवाही और नशे में होने के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि आग लगने के बाद स्थानीय लोगों और किहार पुलिस ने उसे बुझाने के लिए भरसक प्रयास किए, लेकिन दमकल विभाग की कथित देरी से नुकसान बढ़ गया। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब विभाग के जवानों की भूमिका पर ही आरोप लग रहे हैं तो विभाग के अधिकारी निष्पक्ष जांच कैसे कर पाएंगे। उन्होंने उपायुक्त चंबा से घटनास्थल का निरीक्षण करने और प्रभावित परिवारों को राहत देने की मांग भी की।
ग्रामीणों की आपत्तियां सुनने के बाद टीम ने स्थानीय लोगों, किहार थाना प्रभारी और विभागीय जवानों का पक्ष दर्ज किया। अग्निशमन अधिकारी दीवान चंद ठाकुर ने बताया कि सभी पक्षों की बात सुनी गई है। मंगलवार तक रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को सौंप दी जाएगी।