चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी में मोहाली (पंजाब) से आए तीन लोगों को बफर क्वारंटीन में रखा गया है। जहां पर उन्हें 14 दिनों तक रखा जाएगा। इस दौरान अगर इन लोगों में कोरोना संबंधी कोई लक्षण नजर आए तो स्वास्थ्य विभाग इन लोगों के सैंपल भी ले सकता है। फिलहाल इन लोगों में किसी प्रकार के लक्षण नहीं पाए गए हैं। वीरवार को ये तीनों बॉर्डर से होते हुए अपनी स्क्रीनिंग करवाकर पांगी पहुंचे। जहां पर प्रशासन ने उन्हें पुर्थी में स्थापित बफर क्वारंटीन में रखा है। 14 दिन की अवधि पूरी करने के बाद इन लोगों को घर भेजा जाएगा। जनजातीय क्षेत्र में कुल 39 लोगों को क्वारंटीन किया गया था। जिनमें से ज्यादातर की 14 दिनों की अवधि पूर्ण हो चुकी है। 32 लोगों को घर भेजा जा चुका है। पांगी से कोरोना का सैंपल 24 घंटों में टांडा पहुंचाना मुश्किल है। इसलिए सरकार ने पांगी के सैंपल को नरेचौक मंडी भेजने की व्यवस्था की है ताकि पांगी में लिए जाने वाले सैंपल समय पर प्रयोगशाला में पहुंचाए जा सके। खंड चिकित्सा अधिकारी पांगी डॉक्टर मोहिंद्र ने बताया कि वीरवार को मोहाली से तीन लोग पांगी पहुंचे थे। जिन्हें बफर क्वारंटीन केंद्र में रखा गया है। 14 दिनों तक इन लोगों को क्वारंटीन में रखा जाएगा। प्रशासन के आदेश होने पर इन लोगों के सैंपल भी लिए जा सकते हैं।