पीडब्ल्यूडी के बेलदार का सड़क किनारे मिला शव
घर जा रहे बेटे ने बेसुध हालत में देखे पिता
अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चलेगा मौत के कारणों का पता
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। घर से ड्यूटी पर निकले लोक निर्माण विभाग के बेलदार सुभाष (52) पुत्र मनसा निवासी गांव बगाेटू का शव बीच रास्ते में मिला। आशंका जताई रही है कि उनकी चक्कर आने से मौत हुई है। मंगलवार सुबह रोजाना की तरह वह ड्यूटी के लिए जा रहे थे। खड्डी के पास अचानक बेसुध होकर गिर पड़े। जब उनका बेटा उसी रास्ते से दोपहर 2:00 बजे घर जा रहा था तो उसने बेसुध हालत में अपने पिता को वहां पड़ा हुआ देखा। काफी हिलाने और बात करने पर जब कोई जवाब नहीं दिया तो उन्हें लेकर वह सीधे मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां पर चिकित्सकों ने ईसीजी करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और मृतक के बेटे का बयान दर्ज किया। साथ ही घटनास्थल का मुआयना भी किया। पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हृदय गति रुकना माना जा रहा है। असली कारणों का पता पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि बेलदार बेसुध सड़क किनारे मिला था। उनकी मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।