संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी (माकपा) जिला कमेटी चंबा ने प्रदेश सरकार के बस किराये में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ डीसी कार्यालय चंबा परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर माकपा ने प्रदेश सरकार को चेताया कि अगर बस किराये में कई गई वृद्धि को वापिस न लिया गया तो माकपा जनता को लामबंद करके ब्लॉक और जिला मुख्यालय पर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
माकपा जिला सचिव नरेंद्र ने कहा कि सरकार बस किराये में कि गई वृद्धि को तुरंत वापिस लें। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार जनता पर बोझ डालने का काम कर रही है। भाजपा सरकार के सत्तासीन होने के बाद बस किराये में 50 प्रतिशत वृद्धि हो चुकी है।
ऐसे में अब न्यूनतम किराये में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। भाजपा सरकार के सत्तासीन होने पर बस किराया करीब डेढ़ रुपये प्रति किमी था, जो आज बढ़कर करीब सवा दो रुपये हो चुका है। ये सीधे तौर पर जनता को लूटने का काम है। सरकार ने पेट्रोल और डीजल के भारी दामों की आड़ में बस किराया वृद्धि की है।
दुनिया में कच्चे तेल की कीमतों में पिछलों सालों की अपेक्षा भारी गिरावट आई है। मगर पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं। ये सब केंद्र सरकार की लगाई गई भारी भरकम एक्साइज ड्यूटी और प्रदेश सरकार के भारी भरकम वैट के कारण हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार इसे कम करती है, तो बस किराये का बोझ जनता पर से टाला जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार अपना राजस्व बढ़ाने और बड़े ट्रांसपोर्टरों को फायदा पहुंचाने के लिए अपनाया गया हथकंडा मजदूर, किसान और जनता विरोधी है। इस मौके पर नरेंद्र कुमार, विपिन, संजीव, रिझू राम, संजीव, रमाशंकर यादव शामिल रहे।