सिहुंता (चंबा)। विकास खंड भटियात के ग्राम पंचायत टिक्करी में बिजली आपूर्ति को लेकर आ रही समस्या के समाधान के लिए पंचायत बैठक में नया ट्रांसफॉर्मर लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया। बैठक की अध्यक्षता पंचायत प्रधान सोनू देवी ने की और सभी सदस्य पूर्ण रूप से उपस्थित रहे। बैठक में यह चर्चा हुई कि पंचायत क्षेत्र में लगा ट्रांसफॉर्मर काफी पुराना है, जिसके चलते बिजली बार-बार गुल हो रही है। स्थानीय लोग बिजली बोर्ड को कई बार मौखिक रूप से समस्या से अवगत करवा चुके हैं, परंतु अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है। इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए प्रधान ने प्रस्ताव रखा कि पंचायत की ओर से इस विषय पर औपचारिक प्रस्ताव पारित कर विद्युत उपमंडल सिहुंता के सहायक अभियंता को भेजा गया।