चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मनहुता का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने शैक्षणिक और खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर होनहार विद्यार्थियों को नवाजा।
कहा कि प्रदेश में विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिशा में नई योजनाएं भी आरंभ की गई हैं। इस समय प्रदेश में उच्च स्तर तक शिक्षण संस्थानों का बड़ा नेटवर्क विद्यमान है। सभी शिक्षण संस्थानों में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध करवाने के कारगर प्रयास किए जा रहे हैं। इस वित्त वर्ष में शिक्षा के लिए 8,828 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्कूलों में ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना उत्पन्न होती है।
उन्होंने कहा कि अध्यापक और अभिभावक दोनों मिलकर बच्चों में ऐसे गुणों का सृजन करें जोे भविष्य में उनके काम आ सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से स्कूल में पूर्ण अनुशासन में रहकर मन लगाकर पढ़ाई करने और अन्य गतिविधियों में भी भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने पुरस्कृत छात्रों को बधाई देते हुए आशा जताई कि इनसे प्रेरणा लेकर स्कूल के अन्य छात्र भी कड़ी मेहनत कर अपना अलग मुकाम बनाएंगे।
उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक और राजकीय प्राथमिक पाठशाला मनहुता को संपर्क सड़क से जोड़ने की बात भी कही। वहीं पठानिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मनुहता में रिक्त चल रहे विभिन्न अध्यापक के पदों, अतिरिक्त कमरों और खेल मैदान के अलावा अन्य मूलभूत सुविधाएं जल्द उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। प्रधानाचार्य किशोरी लाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बेहतर प्रदर्शन के लिए 31,000 रुपये देने की घोषणा की।
विधानसभा अध्यक्ष ने सुनीं समस्याएं
विधानसभा अध्यक्ष ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया और शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। l