तीसा (चंबा)। सनवाल-भंजराडू सड़क पर शनेड़ा नाले के बीच निजी बस मलबे के ढेर के बीच फंस गई। गनीमत यह रही कि बस चालक ने पहले ही सवारियों को नीचे उतार कर अपने रिस्क पर नाला पार करने का प्रयास किया लेकिन, अपने प्रयास में चालक सफल नहीं हो पाया। बस के नाले में फंसने से तीन घंटे तक सड़क पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची विभागीय लेबर ने कड़ी मशक्कत के बाद सड़क को यातायात के लिए बहाल करवाकर बस को नाले के दूसरे छोर तक पहुंचाकर लोगों को राहत प्रदान की।
राकेश कुमार, अशोक कुमार, प्रमोद कमार, दिलीप कुमार, संजीव कुमार, योगराज आदि ने बताया कि रोजमर्रा की तरह वीरवार सुबह भी निजी बस सवारियों को लेकर सनवाल से भंजराडू को जा रही थी। बारिश से अचानक शनेड़ा नाले का जलस्तर बढ़ गया था। इससे नाले में मलबा भी बह कर आ गया। ऐसे में बस चालक ने सवारियां को नीचे उतार कर अकेले ही बस को दूसरे किनारे तक ले जाने के लिए आगे बढ़ाया लेकिन नाले के बीच पहुंचने पर बस के टायर मलबे के ढेर में फंस गए। काफी जद्दोजहद करने के बाद भी सड़क बहाल न होने पर आखिरकार लोक निर्माण विभाग की लेबर ने मौके पर पहुंच कर सड़क को बहाल करवाया। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शैलेस राणा ने बताया कि मार्ग को यातायात के लिए बहाल करवा दिया गया है।