प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा ने प्रस्ताव तैयार कर प्रदेश सरकार को भेजा
दो स्कूल खुलने से गांव के करीब 100 विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ : महाजन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ग्रामीण क्षेत्रों में अब शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। नौनिहालों को अब प्राथमिक शिक्षा के लिए ज्यादा दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। विकास खंड मैहला के तहत ग्राम पंचायत किलोड़ के किड्डा और उड़पा में दो प्राथमिक पाठशालाएं खुलेंगी।
इसके लिए प्रस्ताव प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा की ओर से तैयार कर दिया गया है। साथ ही इसे स्वीकृति के लिए प्रदेश सरकार को भेज दिया है। अगर यह पाठशालाएं खुलती हैं तो दोनों गांवों के करीब एक सौ विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। सरकार की ओर से इन पाठशालाओं को खोलने के लिए प्रयास करने का मकसद विद्यार्थियों को घर-द्वार शिक्षा मुहैया करवाना है ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए।
जानकारी के अनुसार किड्डा गांव में करीब 45 से अधिक बच्चे अन्य स्कूल में जाकर शिक्षा हासिल कर रहे हैं, वहीं उड़पा के करीब 55 विद्यार्थियों को भी प्रारंभिक शिक्षा के लिए खासी दूरी तय करनी पड़ रही है। यह मामला ध्यान में आने के बाद प्रारंभिक शिक्षा विभाग की ओर से जहां फील्ड से रिपोर्ट मांगी थी। वहीं, इसी आधार पर यह रिपोर्ट आगे भेजी है। साथ ही स्कूल शुरू करने का प्रस्ताव भी भेजा है। इन स्कूलों को खुलने से विद्यार्थियों को काफी राहत मिलेगी।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा विकास महाजन ने बताया कि किड्डा और उडपा में स्कूल खोलने के लिए विभाग प्रयासरत है। इसके लिए प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही तमाम व्यवस्थाओं की भी जांच परख की जा रही है। सरकार के निर्देशानुसार स्कूल खोले जाएंगे।