चंबा। जनगणना के द्वितीय चरण के तहत बर्फबारी प्रभावित और दुर्गम क्षेत्रों में जनगणना कार्य के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के दूसरे बैच का प्रशिक्षण शनिवार को संपन्न हो गया।
तहसील चंबा के लिए चयनित करीब 80 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को दो बैच में प्रशिक्षण दिया गया। पहला बैच 24 से 26 अगस्त और दूसरा बैच 27 से 29 अगस्त तक प्रशिक्षित किया गया।
प्रतिभागियों को जनगणना प्रक्रिया, प्रगणक व पर्यवेक्षक के दायित्व, प्रश्नावली भरने, आंकड़ों की शुद्धता और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने की जानकारी दी गई। दुर्गम और बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर पहुंचने के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान को लेकर भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
चिह्नित क्षेत्रों में एक से 30 सितंबर तक जनसंख्या गणना होगी। 30 सितंबर को आवास एवं परिवार संबंधी गणना की जाएगी। एक से पांच अक्तूबर तक दोबारा भ्रमण कर छूटे हुए व्यक्तियों और परिवारों को गणना में शामिल किया जाएगा। प्रभारी अधिकारी एवं तहसीलदार भूपेंद्र कश्यप के मार्गदर्शन में तहसील प्रशासन ने जनगणना के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। संवाद