एक्सक्लूसिव
चंबा के 70 सरकारी स्कूलों में शुरू होंगी प्री प्राइमरी कक्षाएं
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चंबा ने प्रदेश सरकार को भेजा इस बारे में प्रस्ताव
वर्तमान में 778 सरकारी स्कूलों में चल रही प्री प्राइमरी कक्षाएं, 7000 विद्यार्थियों की संख्या
पंकज सलारिया
चंबा। जिले के 70 नए प्राथमिक स्कूलों में प्री प्राइमरी कक्षाएं शुरू होंगी। इस संदर्भ में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चंबा की ओर से प्रयास शुरू कर दिए हैं। प्रबंधन की ओर से जिले के स्कूलों की सूची तैयार कर एक प्रस्ताव सरकार को भेजा है। बताया जा रहा है कि आगामी एक माह के भीतर इन स्कूलों में प्री प्राइमरी कक्षाएं शुरू करने को लेकर अनुमति मिल सकती है। इसके बाद यहां भी नौनिहाल प्री प्राइमरी कक्षाओं की प ढ़ाई कर सकेंगे। जानकारी के मुताबिक जिला चंबा में वर्तमान में 778 प्री प्राइमरी स्कूल है, जहां बच्चों को प्री प्राइमरी कक्षाओं में पढ़ाई करवाई जा रही है। सरकार की ओर से इन स्कूलों में तमाम सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है। करीब सात हजार विद्यार्थी इन प्री प्राइमरी स्कूलों में पढ़ाई कर रहे हैं। नए प्रस्ताव में शामिल 70 स्कूलों को अनुमति मिलती है तो इससे विद्यार्थी घर-द्वार पढ़ाई कर सकेंगे। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को आधुनिक उपकरणों और खेल-खेल में पढ़ाई करवाई जाएगी। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार की ओर से राज्य में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और नौनिहालों के आधार को पक्का करने के लिए प्री प्राइमरी शुरू की जा रही है। इसके तहत जिला में काफी संख्या में नौनिहाल पढ़ाई करने के लिए पहुंच रहे हैं। जिला समन्वयक ओंकार वर्मा ने बताया कि 70 नए स्कूलों में प्री प्राइमरी कक्षाएं शुरू की जाएंगी। संवाद