चंबा के राजपुरा में कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोग।संवाद
चंबा। जिला अंजुमन इस्लामिया ने मुहर्रम पर मदरसा जामिया जमालिया इस्लामिया राजपुरा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। अंजुमन इस्लामिया के जिला अध्यक्ष डॉ. इसरार अली शाह ने बताया कि कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सैयद फरीद शाह मौजूद रहे। इस दौरान कर्बला के शहीदों की कुर्बानियों, इस्लामी शिक्षाओं, मानवता, अमन, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के संदेश पर विस्तृत प्रकाश डाला। सैयद फरीद शाह ने कहा कि मुहर्रम का महीना त्याग, सब्र, बलिदान और सत्य के लिए संघर्ष की प्रेरणा देता है। इसी उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने तथा नई पीढ़ी को इस्लाम की महान शिक्षाओं एवं कर्बला के संदेश से अवगत कराने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भाग लिया और हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद किया। उलेमाओं ने इमाम हुसैन के जीवन, उनके त्याग, बलिदान और इंसाफ के लिए दी गई कुर्बानी पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर देश और प्रदेश में अमन, शांति, खुशहाली और आपसी सौहार्द की दुआ की गई। कार्यक्रम के बाद लंगर लगाया गया। संवाद