सिहुंता(चंबा)। क्षेत्र के लाहड़ूू पुल के समीप पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण 33केवी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते करीब 125 विद्युत ट्रांसफार्मर ठप पड़ गए हैं। मंगलवार सुबह हुए हादसे की सूचना मिलते ही बिजली बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बिजली बहाली करने का कार्य शुरू किया। खबर लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए जद्दोजहद जारी रही।
जानकारी के अनुसार उक्त पुल के समीप अचानक पहाड़ी से मलबा आ गिरा। मलबे के साथ एक पेड़ भी बिजली लाइन पर जा गिरा। जिससे लाइन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। विद्युत बोर्ड का कर्मी पेड़ में फंसी लाईनों को हटाने के प्रयास में बाल-बाल बचा। इस लाइन के क्षतिग्रस्त होने से द्रम्मण, लाहड़ू, हटली, ककरोटली, थुलेल, सिहुंता, धुलारा, मोतला, गरनोटा, रजैं, कामला, टुंडी, मोरठू, समोट, टिकरी, खरगट, पातका, खदेट, मन्हुता की लगभग 35 हजार उपभोक्ताओं की बिजली सुबह से गुल है। ग्रामीणों का कहना है कि सुबह नौ बजे के करीब बिजली आपूर्ति गुल हुई है। लेकिन अभी तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। उन्होंने विद्युत गबोर्ड से मांग की है कि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता कुलजीत परमार का कहना है कि बिजली कर्मी लाइन दरुस्त करने में जुटे हैं। कहा कि देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।